पूर्वी गेट बंद, शिक्षक संघ ने दी धरने की चेतावनी
बरेली कॉलेज में पूर्वी गेट बंद होने से शिक्षकों और कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोपहर को वर्षा के बीच 100 से अधिक शिक्षक और कर्मचारी प्राचार्य को फूल भेंट करने उनके कार्यालय पहुंचे, लेकिन वे अनुपस्थित मिले। शिक्षक संघ ने रविवार तक गेट खोलने की मांग की है, अन्यथा सोमवार से धरने पर बैठने की चेतावनी दी है।
शिक्षक और कर्मचारी दोपहर दो बजे सभागार के सामने एकत्रित हुए। प्राचार्य के कार्यालय पहुंचने पर उनकी कुर्सी के सामने मेज पर फूल रख दिए। शिक्षकों ने बताया कि स्विमिंग पूल की ओर से परिसर में प्रवेश करने पर न्यू परीक्षा भवन के सामने एक ट्रक खड़ा था। इससे वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल तक ले जाने में बाधा आई। कई शिक्षकों को रामपुर गार्डन होते हुए पश्चिमी गेट से प्रवेश करना पड़ा। स्विमिंग पूल के रास्ते पर जाम की स्थिति बनी रही। वर्षा के बावजूद सभी गेट बंद रखे गए, जिससे शिक्षकों को भीगते हुए परिसर में आना-जाना पड़ा।
शिक्षक संघ ने रविवार तक प्राचार्य से पूर्वी गेट खोलने का निर्णय लेने की अपील की है। संघ का कहना है कि यदि गेट नहीं खोला गया तो सोमवार से सभी शिक्षक और कर्मचारी धरने पर बैठेंगे। इसकी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी। इस दौरान सचिव वीपी सिंह, प्रो. स्वदेश सिंह, प्रो. आलोक खरे, प्रो. गजेंद्र पाल सिंह सहित अन्य शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।
बरेली कॉलेज में चोरी करते पकड़ा गया युवक
बरेली कॉलेज में पश्चिमी गेट के पास शनिवार को एक युवक चोरी करते पकड़ा गया। कर्मचारियों ने चीफ प्रॉक्टर इंदीवर सिंह को सूचित किया। चीफ प्रॉक्टर ने बताया कि एक युवक दिनदहाड़े लोहे की खिड़की ले जाने का प्रयास कर रहा था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ ले गई। फिलहाल, कोई नुकसान नहीं हुआ है।