अमर उजाला की खबरों से जहां शहर में तेल का कारोबार करने वाले सतर्क हुए हैं वहीं दबाव पड़ने पर सरकारी महकमे भी कुछ हरकत में आए हैं। उद्योग व्यापार मंडल की चेतावनी के बाद वाणिज्य कर विभाग टीम ने शुक्रवार देर रात बिलासपुर से आ रहे एक अवैध टैंकर धर दबोचा, चालक के पास फार्म 21 नहीं था। इडेबल ऑयल से भरा टैंकर शाहजहांपुर जा रहा था। इस तरह अमर उजाला द्वारा रखे गए तथ्यों की धीरे-धीरे तस्दीक हो रही है।
वाणिज्य कर विभाग बरेली की टीम शुक्रवार से सड़कों पर दौड़ी। दोपहर में रामपुर से आया एक टैंकर पकड़ा इसके बाद रात में चेकिंग कर बिलासपुर से शाहजहांपुर जा रहा टैंकर धर दबोचा। बिलासपुर से मिलक होते हुए आ रहे पाम ऑयल भरा टैंकर चेक किया गया तो उसमें 18 टन इडेबल ऑयल पाया गया। चालक फार्म 21 नहीं दिखा पाया। इन्वायस में शाहजहांपुर की दो फर्मों के नाम थे। नौ टन से ज्यादा इडेबल ऑयल होने पर फार्म 21 की जरूरत होती है इसलिए सप्लायर फर्म ने टैक्स चोरी के लिए दो क्रेता फर्मों के नाम से बिल जारी कर दिए।
एडिशनल कमिश्नर बीपी सिंह ने बताया कि शुक्रवार दोपहर में गिरधर ऑयल रामपुर और रात में मां वैष्णो ट्रेडिंग फर्म का टैंकर पकड़ा गया। इन दोनों फर्मों ने फार्म 21 इस्तेमाल नहीं किया। येे फर्में अर्से से अवैध कारोबार में लिप्त थीं। दोनों टैंकरों में 25 लाख रुपये कीमत का इडेबल ऑयल था, विभाग 40 प्रतिशत जुर्माना वसूलेगा। बताया जाता है कि रामपु़र जिले से बरेली बाजार में हर दिन 15-20 इडेबल आयल टैंकर आकर उतरते हैं।
वाणिज्य कर विभाग ने अवैध कारोबार में लिप्त पाए जाने के बाद गिरधर ऑयल रामपुर और मां वैष्णो ट्रेडिंग बिलासपुर फर्म के टिन नंबर सस्पेंड कर दिए गए हैं। एडिशनल कमिश्नर बीपी सिंह ने बताया कि उन्होंने रामपुर और मुरादाबाद वाणिज्यकर अफसरों से कार्रवाई के लिए कहा था। अब दोनों फर्म अवैध मानी जाएंगी और कारोबार करने पर 40 प्रतिशत जुर्माना होगा। सिंह ने बताया कि टिन नंबर सस्पेंड होने के बाद अब दोनाें फर्मों को नोटिस जारी होंगे, इसके बाद फर्म के टिन नंबर पूरी तरह रद हो जाएंगे।
चार लोगों ने काम बंद किया
बरेली में बिना लाइसेंस कारोबार कर रहे चार लोगों ने अमर उजाला की खबरों के बाद ब्लेडिंग का काम बंद कर दिया है। सूत्रों के अनुसार बाहर से टैंकर मंगाकर अपने ब्रांड में पैकिंग करने वाले ये चार खिलाड़ी फिलहाल किनारे हो गए हैं। तीन दिन से इनकी पैकिंग बाजार में नहीं आयी है। इनमें से एक ने अब लाइसेंस के लिए एक बड़े नेता से सिफारिश करवाई है। इस बीच बिना फार्म 21 के आने वाले टैंकरों की संख्या भी घट गई है।
मिलावटखोरों पर कसेगा शिकंजा
जिलाधिकारी गौरव दयाल ने अमर उजाला में सबूत समेत छपी तेल में कैमिकल कलर और खतरनाक एसेंस मिलाने की खबरों को गंभीरता से लिया है। इस बारे में उन्होंने संबंधित विभाग से ब्यौरा मांगा है और अपनी टीम से भी पड़ताल करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस बारे में शीघ्र नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हरकत में आया बाट माप विभाग पकड़ी घटतौली
खाद्य तेल में खेल करने वालों पर धीरे धीरे शिकंजा कसना शुरू हो गया है। बाट माप विभाग ने घटतौली रोकने को तीन टीमें बना दी हैं। शनिवार में इन टीमों ने विभिन्न स्थानों पर बिक रहे इडेबल आयल पैकिंग चेक किए। इस दौरान टिन में एक किलो से ज्यादा तक घटतौली मिली है। कुछ खाद्य तेल ब्रांड पैकेजिंग अधिनियम का उल्लंघन करने के दोषी पाए गए।
सहायक नियंत्रक स्वाति कौशिक ने बढ़ते दबाव के चलते तीन टीमों का गठन किया जो शनिवार से सक्रिय हुए। पहले दिन शुभम इंटरप्राइजेज, माधोबाड़ी का उजाला ब्रांड सरसों तेल टिन पकड़ा। टिन पर 15 लीटर पैकिंग छपी पायी गयी। तौल होने पर एक किलो से ज्यादा घटतौली मिली। माधोबाड़ी में बना शुभगंगा रिफाइंड आयल 15 किलो टिन में साढ़े सात सौ ग्राम तक कमी पायी गयी।
एक दुकान में टीम ने एक किलो सोयाबीन पालीपैक में तीस ग्राम तक घटतौली पायी। कच्ची घानी सरसों तेल टिन पर कस्टमर केयर का पूरा ब्योरा नहीं था। एक ब्रांड पर स्पेलिंग सही नहीं थी। टीम ने इन ब्रांडों पर पैकेजिंग अधिनियम के तहत चालान कर माल जब्त किया।