पीलीभीत। मलेरिया-डेंगू प्रभावित गांवों में साफ-सफाई अभियान की हकीकत परखी जाएगी। इसके लिए अधिकारी नामित किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान सफाई कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित ग्राम प्रधान, सचिव व एडीओ पंचायत के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
दो माह पहले ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 150 से अधिक मलेरिया से पीड़ित मरीज मिले थे, जिसमें से सर्वाधिक बिलसंडा ब्लॉक के थे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से जनपद के 20 मलेरिया और आठ डेंगू प्रभावित गांव चिह्नित किए गए थे।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा इन सभी मलेरिया-डेंगू प्रभावित गांवों की सूची पंचायत विभाग को दी गई थी, ताकी प्रभावित गांवों में साफ-सफाई कर बीमारियों की रोकथाम की जा सके। इस मामले में पिछले माह जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार ने प्रभावित गांवों से संबंधित एडीओ पंचायत, ग्राम प्रधानों एवं सचिवों को गांवों में साफ-सफाई कर फॉगिंग कराने के निर्देश दिए थे।
अब जिला पंचायत राज अधिकारी व स्वच्छ भारत मिशन के जिला कंसल्टेंट मलेरिया-डेंगू प्रभावित गांवों का निरीक्षण कर कराए गए सफाई कार्य का जायजा लेंगे। जिला पंचायत राज अधिकारी ने तिथिवार निरीक्षण का शेड्यूल तय कर दिया गया है।
संबंधित ग्राम प्रधान, सचिवों व एडीओ पंचायत को भी चेतावनी दी है कि गांवों में सफाई, फॉगिंग आदि का कार्य पूरा कर लिया जाए। यदि निरीक्षण के दौरान किसी गांव में लापरवाही मिलती है तो संबंधित ग्राम प्रधान-सचिव के साथ एडीओ पंचायत के विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण की जिम्मेदारी जिला पंचायत राज अधिकारी के अलावा स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के जिला कंसल्टेंट अमित कुमार, नेहा सिंह और हेमेंद्र पाल को दी गई है।
इन गांवों को किया गया था चिह्नित
-
मलेरिया प्रभावित गांव :
बिलसंडा ब्लाॅक के गांव बिलहरा, मरैना, हीरपुर, रामपुर बसंत, अमखिड़िया, मुड़िया बिलहरा, दियूरियाखुर्द, जयपालपुर, मकरंदपुर, अमखेड़ा, लिलहर, नगलिया रता, मीरपुर, रांठ, धनगवां, मोहम्मदपुर ता. रामपुर अमृत, सिधौरा, ललौरीखेड़ा ब्लाॅक का खमरियापुल, सरौरी और पूरनपुर ब्लाॅक का गांव लाह शामिल हैं।
-
डेंगू प्रभावित गांव :
बिलसंडा ब्लॉक का ढकिया जलालपुर, पूरनपुर का रामपुर ता. कलीनगर, जमुनिया, चकपुर ता. आनंदपुर, बरखेड़ा का खमरिया पंडरी, अमरिया का भैंसहा फार्म और मरौरी ब्लाॅक का गांव अमखेड़ा एवं अजीतपुर शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिली सूची के आधार पर मलेरिया और डेंगू प्रभावित गांवों में विशेष साफ-सफाई कराकर फॉगिंग करने के निर्देश दिए गए थे। अब इन प्रभावित गांवों में कराए गए सफाई कार्य का निरीक्षण किया जाएगा। लापरवाही मिलने पर संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। - सतीश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी