ग्रामीणों से जानकारी करते डीएम और सीडीओ
- फोटो : अमर उजाला
बरेली के मझगवां ब्लॉक की ग्राम पंचायत अंतपुर की भोजपुर मड़ी गोशाला में मंगलवार को अव्यवस्थाओं के चलते गोवंशीय पशुओं की मौत के बाद अफसरों की संवेदना जागी। मौके पर पहुंचे डीएम को तमाम अव्यवस्थाएं मिलीं। शुरुआती जांच में ग्राम प्रधान और सचिव दोषी पाए गए हैं। सचिव शशि शेखर को निलंबित कर दिया गया है। ग्राम प्रधान, सचिव और केयर टेकर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
बुधवार सुबह आठ बजे डीएम रविंद्र कुमार अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे तो गोशाला में गायों को ठंड से बचाने के इंतजाम नदारद मिले। एक तिरपाल डालकर गायों को रखा गया था। गोवंशीय पशु ठंड से कांप रहे थे। डीएम ने जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए। सचिव को तत्काल निलंबित करने के साथ ही, ग्राम प्रधान विनीता देवी और सचिव शशि शेखर को प्रथम दृष्टया दोषी पाते हुए उनके खिलाफ जांच शुरू करा दी है।
देर शाम पीडी डीआरडीए चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव ने अपनी जांच रिपोर्ट सीडीओ जगप्रवेश को सौंप दी। इसके बाद सचिव को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया गया। मामले में प्रधान पति किशन, सचिव शशि शेखर और केयर टेकर के खिलाफ बीडीओ अनुज कुमार ने एफआईआर दर्ज कराई है।