13 नवंबर को संक्रमित मिले व्यक्ति का होम आइसोलेशन समाप्त होने पर शासन को भेजी रिपोर्ट
29 अक्तूबर और 11 नवंबर को भी कोरोना मुक्त हुआ था बरेली पर 48 घंटे में ही मिल गए थे नए संक्रमित
बरेली। बारह दिनों से एक भी संक्रमित न मिलने से बरेली एक बार फिर कोरोना मुक्त हो गया है। पिछली बार की तरह कहीं इस बार भी बरेली के कोरोना मुक्त होने के कुछ घंटे बाद ही फिर कोई संक्रमित न मिल जाए इसलिए स्वास्थ्य विभाग ने दो दिन इंतजार करने के बाद बृहस्पतिवार को शासन को रिपोर्ट भेजी है। साथ ही, लोगों से संक्रमण से बचाव के लिए कोरोना प्रोटोकाल का पालन करने का अनुरोध किया है।
बरेली जनपद पहली बार 29 अक्तूबर को कोरोना मुक्त हुआ था, लेकिन महज 15 घंटे बाद ही एक संक्रमित की पत्नी और मां की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। इसी तरह 11 नवंबर को भी जिला कोरोना मुक्त हुआ था पर 13 नवंबर को करीब 48 घंटे बाद ही एक युवक संक्रमित मिल गया। हालांकि, इसके बाद कोई व्यक्ति अब तक संक्रमित नहीं मिला है। सर्विलांस टीम के इंचार्ज डॉ. अनुराग गौतम के मुताबिक दस दिन का होम आइसोलेशन पूरा होने के बाद स्वत: ही पोर्टल से बरेली में संक्रमित शून्य होने की रिपोर्ट अपडेट हो गई, लेकिन इस बार 48 घंटे का इंतजार करके शासन को रिपोर्ट भेजी गई।
डॉ. अनुराग के मुताबिक, 13 नवंबर को लाल फाटक तिरुपति विहार का एक युवक संक्रमित मिला था। उसके परिजन की एंटीजन जांच कराई गई, जो निगेटिव आई। इसके बावजूद एहतियातन आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल लिए गए, लेकिन था। अब तक इनकी रिपोर्ट पोर्टल पर अपडेट नहीं हो सकी है। हालांकि, परिजन से नियमित कॉल कर कोरोना के लक्षणों की जानकारी ली जा रही है। वे खुद के स्वस्थ होने की बात कह रहे हैं।
नष्ट किए थे दस हजार संदिग्ध संक्रमितों के सैंपल
17 नवंबर को कोरोना के संदिग्ध दस हजार लोगों के सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए लिए गए थे। जिन्हें जिला अस्पताल की लैब में भेजा जाना था। मगर, स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से एक नवंबर से 17 नवंबर तक के करीब 15 हजार सैंपल जांच को लैब भेजे ही नहीं गए। जांच में एक से 15 नवंबर तक के सैंपल खराब होने की आशंका पर उन्हें नष्ट कर दिया गया। इनमें संक्रमितों के संपर्क में रहे लोगों के भी सैंपल थे।
जिले में कुल 43656 संक्रमित मिले, 377 की हुई मौत
जिले में 29 मार्च 2020 को सुभाषनगर में एक युवक संक्रमित मिला था। तब से अब तक 43656 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 377 लोगोें की मौत हो चुकी है। करीब सोलह लाख लोगों की सैंपलिंग हो चुकी है। 36320 लोग होम आइसोलेशन पर रहे और शेष अस्पतालों में भर्ती रहे। सर्विलांस टीम 93470 संदिग्ध संक्रमित ट्रेस कर चुकी है। अब तक शहर में 542 और गांवों में 886 कन्टेनमेंट जोन बन चुके हैं।
बरतें एहतियात ताकि बरेली रहे संक्रमण मुक्त
सीएमओ डॉ. बलबीर सिंह के मुताबिक बरेली भले ही फिर कोरोना मुक्त हो गया है पर लोग संक्रमण से बचाव के लिए मास्क लगाएं और दो गज की दूरी के नियम का पालन करें। किसी भी व्यक्ति में अगर संक्रमण के लक्षण हैं तो वह तत्काल जांच कराए। प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र पर सैंपलिंग की जा रही है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल मोबाइल यूनिट और स्टेटिक टीमें लगातार सैंपल ले रही हैं।