एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय स्नातक और परास्नातक की तरह अब प्रोफेशनल कोर्स की भी एक ही मार्कशीट देगा। विश्वविद्यालय इस बार से यह नई व्यवस्था लागू करने जा रहा है। अब तक प्रोफेशनल कोर्स में हर सेमेस्टर की अलग-अलग मार्कशीट जारी होती थी। इसके बजाय अब कोर्स के आखिर में छात्र को सिर्फ एक मार्कशीट मिलेगी। इस कॉम्पेक्ट मार्कशीट पर छात्रों का फोटो भी आएगा।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने इस बार से स्नातक और परास्नातक में कॉम्पैक्ट मार्कशीट देना शुरू किया है। विश्वविद्यालय अब सभी कोर्स में यह व्यवस्था लागू करने जा रहा है। अब तक प्रोफेशनल कोर्स के हर सेमेस्टर की अलग-अलग मार्कशीट दी जाती थी। इस बार सेमेस्टर के रिजल्ट जारी हुए, उनका चार्ट भी बना लेकिन मार्कशीट प्रिंट नहीं की गई। विवि प्रशासन का कहना है कि अब यूजीसी नेशनल एकेडमिक डिपॉजिटरी सिस्टम लागू करने जा रहा है। इसके तहत सभी मार्कशीट और डिग्री ऑनलाइन अपलोड होंगी और छात्र इनको कही से भी निकाल सकेगा। इसीलिए विवि सभी कोर्स की मार्कशीट का रूप बदलने जा रहा है। एलएलबी, बीबीए, बीसीए, एमसीए जैसे तमाम कोर्स की मार्कशीट अब एक ही मिलेगी। परीक्षा नियंत्रक महेश कुमार ने बताया कि सभी प्रोफेशन कोर्स में कॉम्पेक्ट मार्कशीट दी जाएगी। मार्कशीट पर छात्रों का फोटो भी आएगा। इससे यूनिवर्सिटी का प्रिंट का खर्च भी बचेगा। हर साल मार्कशीट प्रिंट में ही करोड़ों रुपये खर्च होते है।