बरेली। एडवोकेट बार एसोसिएशन की शिकायत पर बरेली बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और सचिव को सहायक रजिस्ट्रार चिट्स फर्म्स एवं सोसाइटीज बरेली मंडल ने नोटिस जारी किया है। उनसे दो सप्ताह में जवाब मांगा गया है। बार अध्यक्ष दीपक पांडेय ने बताया कि अभी कोई नोटिस नहीं मिला है। अगर नोटिस मिलता है तो विधि के अनुसार उसका जवाब दिया जाएगा। उन्होंने आरोपों को निराधार बताया है।
एडवोकेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल द्विवेदी और सचिव गौरव राठौर बरेली बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और सचिव पर आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। इसमें उन पर गलत तरीके से नवीनीकरण कराने का आरोप लगाया गया। इसके अलावा गलत तरीके से पद पर बने रहने और कोष में हेराफेरी का आरोप भी लगाया। मतदाता सूची में भी गड़बड़ी के साथ बिना सीओपी वाले, दूसरे जिलों के अधिवक्ताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ाने, मतदाता सूची में शामिल अधिवक्ताओं के रंगीन फोटो, बैठने के स्थान, सीओपी व रजिस्ट्रेशन नंबर जैसी जरूरी जानकारी नहीं रखने का भी आरोप लगाया गया।
गौरव राठौर और अनिल द्विवेदी के मुताबिक अपने लोगों को पोलिंग बूथ पर तैनात कर फर्जी मतदान कराया गया। एडवोकेट बार एसोसिएशन ने बरेली बार एसोसिएशन के पिछले दो साल में आय-व्यय की जांच कराने की भी मांग और बरेली बार एसोसिएशन का पंजीकरण को निरस्त करने की मांग की है।