विद्युत निगम में चर्चा- खास कर्मचारियों पर बचाने में जुटे अफसर
बरेली। किला उपकेंद्र में शराब पार्टी के मामले में जांच रिपोर्ट अब तक नहीं मिल पाई है। इसको लेकर सवाल उठ रहे हैं। विद्युत निगम में चर्चा है कि वीडियो में दिख रहे कर्मचारी कई अफसरों के खास है। उन्हें बचाने के लिए ही देरी की जा रही है।
बीते दिनों किला उपकेंद्र में शराब पीते कर्मचारियों का वीडियो वायरल हुआ था। इसमें एक सरकारी और तीन संविदा कर्मचारी शराब पार्टी करते दिख रहे हैं। ये वीडियो पांच नवंबर का बताया जा रहा है। इस दिन गंगा स्नान के चलते अवकाश था।
प्रकरण में मुख्य अभियंता ने अधीक्षण अभियंता को जांच के लिए निर्देश दिए थे। अधीक्षण अभियंता ब्रह्मपाल ने मामले की जांच अधिशासी अभियंता सत्येंद्र चौहान और नितिन कुमार को सौंपकर सात नवंबर की शाम तक रिपोर्ट मांगी थी। इस प्रकरण को हुए आठ दिन और आदेश जारी हुए छह दिन बीत चुके हैं, जांच टीम ने अभी तक रिपोर्ट नहीं दी है। संवाद
मैं अवकाश पर हूं। हो सकता है कि कार्यालय में रिपोर्ट दी गई हो। वहां जाने के बाद रिपोर्ट लेकर कार्रवाई की जाएगी। - ब्रह्मपाल, अधीक्षण अभियंता
मामले का संज्ञान लिया है। जांच अधिकारियों से रिपोर्ट की छायाप्रति मांगी जाएगी। अधीक्षण अभियंता अवकाश पर हैं तो मैं कार्रवाई करूंगा।- ज्ञान प्रकाश, मुख्य अभियंता