बरेली। हवा में नमी का स्तर कम होने से लोगों को ठंड से काफी राहत मिली है। वहीं रविवार को चटख धूप खिलने से दिन काफी गर्म रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, इस हफ्ते बादल तो मंडराएंगे मगर बारिश की उम्मीद से इन्कार किया है।
दो दिन पहले हुई बारिश के असर से सौ फीसदी पहुंचा नमी का स्तर एक बार फिर 90 फीसदी तक पहुंच रहा है। जिसके असर से हवाओं में घुली नमी कम होने से चटख धूप से लोगों को खासी राहत मिली है। मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट में बरेली में करीब हफ्ते भर तक हल्के बादल मंडराने के आसार जताए हैं मगर ठिठुरन बढ़ने या बारिश की उम्मीद से इनकार किया है। आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. जेपी गुप्ता के मुताबिक, शहर में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल प्रवेश कर रहे हैं, लेकिन उच्च वायुदाब होने से बारिश नहीं कर सकेंगे। रविवार को तापमान अधिकतम 21.1 डिग्री और न्यूनतम 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। नमी 90 फीसदी दर्ज हुई।