बरेली में दिल झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। कैंट थाना क्षेत्र के कब्रिस्तान में नवजात बच्ची पोटली में बंधी मिली। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बरेली के कैंट थाना क्षेत्र स्थित कब्रिस्तान में एक नवजात बच्ची लावारिस हाल में मिली। उसकी हालत नाजुक है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला कल्याण विभाग की टीम के मुताबिक डॉक्टर अभी चार दिनों तक उसके इलाज की बात कह रहे हैं। इसके बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। विभाग की देखरेख में उसका उपचार कराया जा रहा है।
विज्ञापन
23 अगस्त की शाम ठिरिया निजावत खां के वार्ड नंबर 12 के रहने वाले कौसर अली ने मनपुरिया रोड स्थित कब्रिस्तान में बच्चे के रोने की आवाज सुनी। पास जाकर देखा, तो पोटली में बच्ची मिली। उन्होंने उसे उठाकर निसंतान दंपती को दे दिया। रात 11 बजे चाइल्ड हेल्प लाइन की टीम मौके पर पहुंची और नवजात को थाने ले आई।
इसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के दौरान उसके खून में संक्रमण की बात सामने आई। इसके बाद डॉक्टर ने उसे भर्ती कर लिया था। अभी चार दिनों तक उसे अस्पताल में भर्ती रखा जाएगा। जिला प्रोबेशन अधिकारी मोनिका राणा ने बताया कि नवजात के उपचार के बाद अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।