सुबह से शुरू हो गई थी जश्न की तैयारी
शहरवासियों ने नए साल के स्वागत की तैयारियां सुबह से शुरू कर दी थीं। शाम होते ही जश्न का दौर शुरू हो गया। किसी ने गुजरते साल का आखिरी दिन खास बनाने के लिए परिवार समेत रेस्टोरेंट और होटल में पहुंचे। युवा दंपतियों ने इन पलों को कैमरे में कैद कर यादगार बनाने में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखी। लोगों ने जश्न तस्वीरों के साथ वीडियो भी बनाए।
लाइव बैंड पर देर रात तक झूमते रहे लोग
बरेली क्लब में हर साल की तरह इस बार भी नववर्ष का स्वागत धमाकेदार रहा। आनंद और उल्लास के साथ नए साल के आगमन की खुशी में आनंद और उल्लास का सिलसिला रात 12 बजे तक जारी रहा। इस दौरान दिल्ली के लाइव बैंड प्रस्तुतियों ने लोगों को जमकर झूमने पर विवश किया। मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल जुबिन ए मिनवल्ला ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यहां क्लब अध्यक्ष ब्रिगेडियर मनीष कुकरेती, सचिव लेफ्टिनेंट कर्नल सी टोनसिंग, क्लब निदेशक राजा चावला, मेयर उमेश गौतम, पुलिस और प्रशासनिक अफसर मौजूद रहे।
पुलिस ने मॉल और स्टेशन पर की चेकिंग
नए साल पर हुड़दंगियों की निगरानी और कार्रवाई के लिहाज से पुलिस सक्रिय रही। एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान के साथ ही एसपी सिटी राहुल भाटी समेत अन्य अधिकारी शहर में घूमकर जायजा लेते रहे। सीओ तृतीय अनीता चौहान के नेतृत्व में इज्जतनगर थाना प्रभारी जयशंकर सिंह व पुलिसकर्मियों ने फीनिक्स मॉल से लेकर इज्जतनगर स्टेशन तक निरीक्षण किया। संदिग्ध लोगों और सामान की चेकिंग की। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने भी जांच की।