बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग में नेपाल के शोधकर्ता ऑयस्टर मशरूम के कैंसर विरोधी गुणों पर अध्ययन कर रहे हैं। शोधकर्ताओं ने नैनो पार्टिकल भी तैयार कर लिए हैं। कैंसर कोशिकाओं पर इनका क्या असर होता है, शोध में यह देखा जाएगा।
शोधकर्ता गौरव पंत व गुनानंद विभाग के प्रो. विजय कुमार सिन्हाल के मार्गदर्शन में पीएचडी कर रहे हैं। शोध के लिए मेटलयुक्त ओएस्टर मशरूम के नैनो पार्टिकल जो एक नैनो मीटर से 100 नैनो मीटर तक तैयार किए गए हैं।
प्रो. विजय कुमार ने बताया कि ऑयस्टर मशरूम का चयन इस प्रयोग के लिए इसलिए किया गया है क्योंकि इसमें बैक्टीरिया विरोधी, कैंसर विरोधी, फंगल विरोधी गुण हैं। जो इसे शोध के लिए और भी रोचक बनाते हैं। दोनों शोधार्थियों के अलावा विभाग के छह अन्य विद्यार्थी भी ऑयस्टर मशरूम के अलग-अलग गुणों पर शोध कर रहे हैं।
प्रोफेसर ने यह भी बताया कि ऑयस्टर मशरूम का सकारात्मक प्रभाव कोरोना व एड्स के मरीजों पर भी देखा गया। इसलिए शोधार्थियों ने इसका चयन आपने शोध के लिए किया है। संवाद
-
सभी छात्र कर रहे अलग-अलग विषयों में पीएचडी
रुविवि में पढ़ाई करने वालों में नेपाल के भी कई विद्यार्थी शामिल हैं। सभी पीएचडी कर रहे हैं। सीएसआईटी में दो शोधार्थी, अर्थशास्त्र में पांच, समाजशास्त्र में एक, वनस्पति विज्ञान में दो, अंग्रेजी में दो, गणित, जंतु विज्ञान व सांख्यिकी विभाग में दो-दो शोधार्थी पीएचडी कर रहे हैं। शोध निदेशालय के सहायक निदेशक डॉ. ब्रजेश कुमार ने बताया कि जिन शोधार्थियों को गाइड नहीं मिले हैं, उन्हें भी जल्द गाइड दिए जाएंगे।