बरेली। रामगंगा आवासीय योजना के पहले उपकेंद्र से बालीपुर की पुरानी लाइन जोड़ने के लिए बीडीए ने पत्र लिखा है, जिससे उपकेंद्र चालू हो सके।
रामगंगा आवासीय योजना में 40 एमवीए विद्युत आपूर्ति मंजूर की गई है। यह स्वीकृति योजना के क्षेत्रफल और उसमें योजना के तहत बसाई जाने वाली कॉलोनियों को देखते हुए की गई है। दूसरी ओर रामगंगा आवासीय योजना में फिलहाल हरूनगला उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति हो रही है, जिसकी वजह से उपकेंद्र पर सबसे अधिक रामगंगा आवासीय योजना का ही लोड है। जबकि 40 एमवीए में 2x10 के पहले उपकेंद्र का निर्माण डेढ़ साल पहले ही हो चुका है, लेकिन एनएचएआई की स्वीकृति की वजह से 33 केवी बालीपुर की लाइन नहीं जुड़ सकी है। वहीं बीडीए-विद्युत निगम के अधिकारी एक दूसरे पर मामले को टाल रहे थे। अब इस प्रकरण में सोमवार के अंक में समाचार प्रकाशित होने के बाद बीडीए ने विद्युत निगम को पुरानी लाइन से उपकेंद्र को जाेड़ने के लिए पत्र लिखा है। अधिशासी अभियंता योगेंद्र कुमार ने बताया कि एनएचएआई का काम चल रहा है, लाइनें डाली गई थी जो बालीपुर तक जाती है उसको काम के दौरान काट दिया गया। एनएचएआई से स्वीकृति ना मिलने तक पुरानी लाइन से उपकेंद्र को चालू करने के लिए विद्युत निगम को पत्र लिखा गया है। ब्यूरो