हरदोई जिले में तैनात सिविल जज की पत्नी परिवार समेत इज्जतनगर थाना क्षेत्र की एक पॉश कॉलोनी में रहती हैं। वह कुछ समय से बीमार चल रही हैं। पड़ोसी डंपी अहमद की पत्नी उनकी दोनों बेटियों को घर से बुलाकर ले गई। वहां डंपी दोनों बेटियों से अभद्रता करने लगा। बोला कि तुम्हारे कुत्तों ने मेरी पत्नी के पैर में काटा है। डंपी ने अपने दर्जन भर साथियों को बुला लिया। न्यायाधीश की पत्नी ने पति को सूचना दी। न्यायाधीश ने सीओ को सूचना दी तो इज्जतनगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। इससे पहले ही डंपी के साथी कुत्ते और कुत्ते के मालिक को निपटाने की धमकी देकर फरार हो गए।
डंपी की धमकी से न्यायाधीश की पत्नी सदमे में आ गईं। आरोप है कि शनिवार को डंपी और उसकी पत्नी न्यायाधीश के चार महीने के कुत्ते को ले गए। कुत्ते का तब से कुछ पता नहीं चला है। न्यायाधीश की पत्नी ने बच्चों की जान को खतरा जताते हुए कुत्ता बरामद करने का अनुरोध पुलिस से किया है। इज्जतनगर थाना पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश कर रही है।