किला रोड पर जाम में फंसे अभ्यर्थी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
35 केंद्रों पर 96 फीसदी अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, सबसे अधिक सेंटर शहर में
बरेली। शहर में रविवार को नीट की परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों को शहर की बदहाल सड़कों और जाम से जूझना पड़ा। जाम के चलते कुछ अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर देरी से भी पहुंच सके। हालांकि सभी को परीक्षा में शामिल होने दिया गया।
किला रोड पर पिछले एक साल से सीवर खोदाई का काम चल रहा है। इससे सामान्य दिनों में भी यहां जाम की स्थिति रहती है। रविवार को परीक्षा होने के कारण दस हजार से अधिक अभ्यर्थी तो सिर्फ शहर के अंदर बने केंद्रों पर परीक्षा देने पहुंचे थे। इसमें पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं और मुरादाबाद तक के अभ्यर्थी शामिल थे। ऐसे में किला रोड पर दिनभर लोग कई घंटे जाम से जूझते रहे। किला पुल पर जाम के हालात रहे। इससे परीक्षा केंद्र तक पहुंचने पर कई अभ्यर्थियों को देरी भी हुई। एनटीए कोआर्डिनेटर वीके मिश्रा ने बताया कि 15 हजार 723 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। रविवार को सभी 35 केंद्रों पर 96.1 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। यह प्रतिशत बताता है कि परीक्षा का आयोजन सफल रहा।
‘फिजिक्स का पेपर थोड़ा कठिन था। बाकी पेपर अच्छा हुआ है। बेहतर परिणाम आने की पूरी उम्मीद है।’ - आर्यन
‘भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान से जुड़े सवाल अच्छे थे। जीव विज्ञान के प्रश्नों को हल करने में परेशानी आई लेकिन पेपर अच्छा हुआ।’ - तनुजा, बहेड़ी
‘कुछ भी पाठ्यक्रम से बाहर नहीं आया था। पेपर अच्छा हुआ है। पूरी उम्मीद है कि पढ़ाई के लिए चयन हो जाएगा।’ - एंजल तोमर, शाहजहांपुर
‘पूरी तैयारी के साथ परीक्षा देने आए थे। जैसी उम्मीद थी प्रश्नपत्र वैसा ही आया। पेपर अच्छा हुआ है। पुराने प्रश्नपत्रों के अभ्यास का फायदा मिला।’ - अंजलि
‘फिजिक्स के कुछ सवालों में थोड़ी परेशानी जरूर हुई लेकिन कुल मिलाकर पेपर अच्छा हुआ है। मॉडल पेपर हल करने का फायदा मिला।’ - निधि