बरेली। श्री राम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट (सीजन-सात) के पांचवें दिन रविवार को नेशनल पब्लिक स्कूल ने जीके सिटी मांटेसरी स्कूल को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। वहीं, दिन के दूसरे मैच में मिशन एकेडमी स्कूल बहेड़ी ने गिरीश प्रसाद मेमोरियल (जीपीएम) स्कूल को 104 रनों के बड़े अंतर से हराया।
टूर्नामेंट के नौवें मैच में नेशनल पब्लिक स्कूल के कप्तान अरुण यादव का जादू सिर चढ़कर बोला। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का उनका फैसला सही साबित हुआ और उन्होंने खुद कमान संभालते हुए मात्र सात रन देकर पांच विकेट झटके। उनकी घातक गेंदबाजी के आगे जीके सिटी मांटेसरी की टीम महज 43 रनों पर ढेर हो गई।
जवाब में नेशनल पब्लिक स्कूल ने बिना कोई विकेट खोए केवल 4.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान अरुण यादव को उनकी बेहतरीन गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टूर्नामेंट के 10वें मैच में मिशन एकेडमी के कप्तान हिमांशु गंगवार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 192 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। हिमांशु ने 39 और हमीश ने 28 रनों का योगदान दिया।
192 रनों के दबाव का पीछा करने उतरी जीपीएम की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। पूरी टीम 18.3 ओवर में केवल 88 रन ही बना सकी। मिशन एकेडमी के गेंदबाज शानू गंगवार ने बल्लेबाजों को टिकने का मौका नहीं दिया और 10 रन देकर चार विकेट चटकाए।
उन्होंने बल्लेबाजी में भी आठ रन बनाए थे। इसके चलते उन्हें मैन ऑफ द मैच की ट्रॉफी से नवाजा गया। एसआरएमएस सीईटी के प्रिंसिपल डॉ. प्रभाकर गुप्ता ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।