कानपुर के कारोबारी पियूष जैन के यहां से मिली संपत्ति के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल है। भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी इसे एक दूसरे से जोड़कर बता रही है। इसी क्रम में सपा से गठबंधन करने वाले ओमप्रकाश राजभर ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है।
सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा भाजपा में सबसे बड़ा झूठा बनने की रेस है। पहले पीएम झूठ बोलते हैं। फिर गृहमंत्री झूठ बोलते है और उसके बाद यूपी सीएम झूठ बोलते हैं। अब इनसे भी आगे भाजपा के जेपी नड्डा झूठ बोलने लगे हैं। यहां झूठ बोलने की रेस लगी हुई है।
विज्ञापन
उनक कहना है कि बसपा खत्म हो चुकी है और कांग्रेस में लड़ने की दम ही नहीं है। भाजपा को जनता बदलना चाहती है। इसलिए सपा सत्ता में आ रही है। कन्नौज इत्र कारोबारी के यहां छापे के सवाल पर कहा भाजपा ने खुद के घर में छापा डलवा लिया है। अब संभाल नहीं पा रही है।
जीएसटी की कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू
इत्र कारोबारी पीयूष जैन के घर चल रही जीएसटी की कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कहा जा रहा है कि पीयूष जैन के बहाने सरकार पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सबसे करीबी समाजवादी पार्टी के एमएलसी पुष्पराज जैन उर्फ पम्पी जैन पर दबाव बनाना चाह रही है। पम्पी जैन को अखिलेश का खचांजी और पीयूष जैन का करीबी माना जाता है।
विज्ञापन
कुछ दिन पहले जिस तरह से एक बड़े कपड़ा व्यापारी समेत अखिलेश के कई करीबियों पर जीएसटी का छापा डालकर दबाव बनाने की कोशिश की गई। उसी कड़ी से पीयूष जैन के यहां हुई कार्रवाई का जोड़कर देखा जा रहा है। पीयूष जैन की तरह पम्पी जैन का भी बड़ा कारोबार है। कानपुर और कन्नौज में जहां पीयूष जैन के घर हैं, वहीं पम्पी जैन के भी आवास हैं। ऐसे में पम्पी जैन भी चर्चा के घेरे में आ गए हैं।