दिल्ली हाइवे पर नदौसी में नगर निगम की जमीन पर कब्जे का मामला काफी हद तक सुलझ गया। जल आकाश फर्म के मालिक ने नगर निगम की जमीन से धर्मकांटा खुद हटाने के साथ ही अपनी बाउंड्रीवाल भी तोड़ ली। इस दौरान तहसील और नगर निगम की टीम भी मौके पर मौजूद रही। बाउंड्रीवाल टूटने के बाद जमीन की एक बार फिर से नापजोख होगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा और महानगर अध्यक्ष पुष्पेंदु शर्मा ने राज्यपाल राम नाईक के बरेली आगमन पर उनको ज्ञापन देकर नदौसी में नगर निगम की जमीन पर जल आकाश के फर्म के अवैध कब्जे के बारे में अवगत कराया था। तहसील और राजस्व टीम ने दो बार मौके पर जाकर पैमाइश भी की थी। बुधवार को जल आकाश फर्म के डायरेक्टरमनीष अग्रवाल ने नगर निगम की जमीन में लगा धर्मकांटा और अपनी फर्म की बाउंड्रीवाल तोड़ दी। तहसील से तीन सदस्यीय राजस्व टीम, प्रभारी नगर आयुक्त ईश शक्ति कुमार सिंह और एक्सईएन गयूर अहमद ने भी मौके पर जाकर निरीक्षण किया। इन्होंने बताया कि जल आकाश ने धर्मकांटा और बाउंड्रीवाल तोड़कर खुद ही कब्जा हटा लिया है। अब पूरी जमीन की नाप जोख कर जमीन की तूदाबंदी कर दी जाएगी।
कोट
जिस जमीन पर हमारी फर्म के कब्जे को लेकर विवाद खड़ा किया गया था, उस पर हमने खुद ही बाउंड्रीवाल तोड़कर धर्मकांटा भी हटा लिया है। अब नगर निगम जहां से चाहे नाप कर सकता है।
- मनीष अग्रवाल, डायरेक्टर जल आकाश