दालों के रेेट में अचानक हो रही बढ़ोत्तरी को गंभीरता से लेते हुए मंडी समिति की टीम ने शहर की कुछ दाल मिलों में छापे मारी करके दाल का स्टाक और गोदाम चेक किए। मंडी समिति की टीम को कुछ मिलों में तो ठीक ठाक मिला लेकिन माधौबाड़ी स्थित दो दाल मिलों में स्टाक से कम दालेें मिलीं। इस गड़बड़ी को मिलों ने गंभीरता से लेते हुए जबाव तलब किया है। मिलों का जबाव संतोषजनक नहीं मिला तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंडी निरीक्षक जेपी वर्मा ने बताया कि समिति की टीम ने कृष्ण मुरारी एंड संस के यहां स्टाक रजिस्टर में दाल अधिक दर्ज थी लेकिन गोदाम में कम थी। मिल में काबुली चना 14 क्विंटल तथा काला चना साढ़े सात क्विंटल कम पाया गया। इसी तरह बासुदेव दालमिल में मसूड़ की दाल स्टाक रजिस्टर से कम पाई गई। इन दोनों को बुधवार तक का समय दिया गया है कि वह लिखित में स्थिति स्पष्ट करें। उनके यहां स्टाक रजिस्टर में अधिक और गोदाम में कम दालें क्यों रही। अन्यथा उनके खिलाफ नोटिस जारी किया जाएगा। जिसमें जितने क्विंटल कम दाल पाई गई है, उसके मूल्य का ढाई फीसदी जुर्माना वसूला जाएगा। मंडी सचिव बरेली से बाहर थे लेकिन यह छापा मंडी निरीक्षक और सहायक मंडी निरीक्षक ने मारे। मंडी निरीक्षक का कहना है कि उन्हें दाल मिलों के खिलाफ कई दिनों से शिकायत मिल रही थी, उसी के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।