बहेड़ी। कस्बे के मोहल्ला शेखूपुर के निवासियों ने एसडीएम और नगर पालिका परिषद कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और ज्ञापन देकर आरोप लगाया कि बगैर जांच के नगर पालिका प्रशासन ने उनके मकानों को अवैध घोषित कर दिया है और नोटिस जारी किया है, जिसे तत्काल प्रभाव से वापस किया जाए।
शेखूपुर के लोगों ने पूर्व अध्यक्ष नसीम अहमद के साथ तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि नगर पालिका द्वारा एक नोटिस जारी किया गया है, जिसमें लिखा है कि उन लोगों ने धोबी तालाब की जमीन पर मकान बनाए हैं। इसके विरुद्ध शेखूपुर के लोगों का कहना है कि उनका मकान उक्त स्थल पर नहीं है। लिहाजा, बगैर किसी जानकारी के उनका मकान गिराने का नोटिस दे दिया गया है। इस मामले में जांच कर नोटिस वापस कराए जाने की मांग की है। नगर पालिका के जूनियर इंजीनियर ने बताया कि राजस्व विभाग ने, जो उन्हें पैमाइश के बाद रिपोर्ट दी थी। उसी के आधार पर नोटिस तामील कराए गए थे। ज्ञापन देने वालों में अफरोज, वसीम, अनवर अहमद, नबी अहमद, उमैर, निशा आदि शामिल रहे। संवाद