गुरुवार को बरामदा ध्वस्त करने के बाद अगले ही दिन नगर निगम की टीम दुकान खुलते ही फिर मधु बुक डिपो पर पहुंच गई। टीम ने तत्काल दुकान खाली करने की हिदायत दी। इसके बाद दुकानदार नगर निगम पहुंचे और खुद दुकान तोड़ने एवं नाला साफ करने की बात कही। इस पर मेयर उमेश गौतम ने उन्हें दो दिन की मोहलत दे दी।
बरेली कॉलेज रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान मधु बुक डिपो के नीचे अंग्रेजों के जमाने का नाला निकला था। फर्श तोड़ने के बाद निगम टीम मोहलत देकर चली गई। इसके बाद मामले में सेटिंग कर व्यापारी ने नाले का रुख ही मोड़ दिया। अमर उजाला ने मामले का खुलासा किया तो बृहस्पतिवार को नगर निगम ने बुलडोजर से दुकानों का बरामदा तोड़ दिया, लेकिन बंद होने के कारण दुकान नहीं तोड़ी जा सकी। शुक्रवार सुबह जैसे ही दुकान खुली निगम की टीम फिर बुलडोजर लेकर दुकान पर पहुंच गई। यह देख व्यापारियों के हाथपांव फूल गए। दुकान मालिक ने नगर निगम जाकर मेयर उमेश गौतम से कहा कि वह खुद ही दो दिन में दुकान खाली करके नाला खोल देंगे। इस पर मेयर ने उन्हें दो दिन का मौका दे दिया। व्यापारी दुकान से अपना सामान निकालने में जुट गए हैं। नगर निगम की टीम ने नाले का कुछ हिस्सा जेसीबी से साफ किया।