प्रमुख सचिव के सख्ती दिखाने के बाद टैक्स वसूली पर हरकत में आए नगर निगम अफसर
बरेली। प्रमुख सचिव नवनीत सहगल ने अपने दौरे के समय नगर निगम अधिकारियों पर जो सख्ती दिखाई थी, वह रंग लाने लगी है। सोमवार को निगम के कर निर्धारण विभाग की ओर से बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर करीब 22 लाख रुपये की कर वसूली की गई। वहीं, एक कोचिंग सेंटर, पार्किंग स्थल, मार्केट व मोबाइल टावर को सीज कर दिया गया। कई जगहों पर सीलिंग के पूर्व ही भवन मालिकोें द्वारा मौके पर टैक्स की पूरी धनराशि जमा करा दी गई। इस दौरान निगम का प्रवर्तन दल भी कर वसूली विभाग की मदद के लिए तैनात रहा।
सोमवार को टैक्स वसूली पर निकले कर निर्धारण अधिकारी ललतेश सक्सेना, कई टैक्स इंस्पेक्टर और निगम का प्रवर्तन दल रामपुर गार्डन पहुंचा। यहां एक कोचिंग सेंटर को सीज कर दिया गया। इस कार्रवाई के समय कोचिंग सेंटर में तमाम बच्चे पढ़ रहे थे। हालांकि बाद में कोचिंग संचालकों ने ढाई लाख रुपये जमा किए। पर उन्हें बाकी पैसे जमा करने तक कोचिंग सील रखने को कहा गया। उधर, सर्किट हाउस चौराहे पर सरदार जी मार्केट, भटनागर कॉलोनी स्थित मोबाइल टॉवर, सेंट मेरी स्कूल, आनंद आश्रम मार्केट, शगुन बैंक्वेट हाल को भी सीज कर दिया गया। हालांकि मौके पर दो लाख की वसूली भी की गई। इसके अलावा नरकुला गंज दाल मिल से 6 लाख, कटरा मान राय मार्केट सहित कई अन्य जगहों से 22 लाख की वसूली की गई। टीम के साथ टीआई खुशबू भारद्वाज, विजय कुमार, विशाल सहित निगम के प्रवर्तन दल के सिपाही व अधिकारी मौजूद रहे।
दो महीने में निगम ने सात लाख का चलान काटा
बरेली। पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चलाकर निगम ने पिछले दो महीने के दौरान करीब सात लाख की वसूली की है। निगम के पर्यावरण अधिकारी संजीव प्रधान ने बताया कि पॉलिथीन के खिलाफ निगम का अभियान जारी है।