ख्वाजा गरीब नवाज दरगाह अजमेर शरीफ के गद्दीनशीन सय्यद कामरान अली चिश्ती कहते हैं कि तमाम ऐसे मुद्दे उठे जब मुस्लिमों पर आरोप लगाए गए, उनके राष्ट्र प्रेम पर सवाल खड़े हुए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खामोश रहे। अब ‘भारत माता की जय’ पर बहस छिड़ी है। इस पर भी मुसलमानों से जवाब मांगा जाता है। आखिर मोदी जी भी मौन तोड़ें, वह कुछ क्यों नहीं बोलते।
सय्यद कामरान अली चिश्ती बरेली में जश्ने ख्वाजा गरीब नवाज में शिरकत करने आए हुए थे। अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने कहा कि ‘भारत माता की जय’ कोई संवैधानिक नारा नहीं है। जो बोले तो बोले, किसी पर जोर जबरदस्ती नहीं की जा सकती और यह देश प्रेमी होने की गारंटी भी नहीं है। मुसलमान हिंदुस्तानी कल भी थे, आज भी है और रहेंगे- मीरे अरब को आई बुए क्या जहां से, मेरा वतन यही है मेरा वतन यही है मेरा वतन यही है...।
आतंकवाद के मुद्दे पर सय्यद कामरान चिश्ती ने कहा कि दुनिया में दो तरह की सोच है, एक कट्टरपंथी और दूसरा सूफिज्म है और सूफिज्म ही रियल इस्लाम है। आतंकवाद को रोकने के लिए जो बुजुर्गों की तालीम है उसे आम किया जाए। नेट पर युवाओं भड़काने के सवाल पर कहा कि हिंदुस्तानी हुकूमत इसमें अपनी इन्वाल्मेंट रखे। उन्होंने कहा कि सूफिज्म को सिलेबस में शामिल किया जाना चाहिए इसमें बुजुर्गों की जिंदगी व उनकी शिक्षा को बताया जाए और सूफिज्म की तरफ दावत दी जाए। नेट पर तो बैन लगाया नहीं जा सकता।