नगर निगम कार्यकारणी की बैठक करते महापौर
- फोटो : अमर उजाला
बरेली में नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में अतिक्रमण का मुद्दा हावी रहा। निगम की जमीन से अवैध कब्जे हटवाने का निर्णय लिया गया। वार्ड एक की पार्षद संतोष कश्यप ने चर्चित मुन्ना कबाड़ी के अतिक्रमण का मामला उठाया। इस पर संयुक्त नगर आयुक्त मयंक गुप्ता को मौके पर जाकर अतिक्रमण हटवाने और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया गया है। महादेव सेतु के नाम पर भी कार्यकारिणी ने अपनी मुहर लगा दी।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के बेअसर रहने पर भी मंथन हुआ। तय हुआ कि अब थानाध्यक्षों की जगह एसएसपी को पत्र लिखा जाएगा। इसकी प्रतिलिपि थानाध्यक्षों को भेजकर उनकी जवाबदेही सुनिश्चित कराई जाएगी। वार्ड 37 नदोसी के पार्षद अंजुल गंगवार की ओर से रखे गए प्रस्ताव में बताया गया कि गाटा संख्या 325 पर कोकाकोला फैक्टरी ने कब्जाकर सड़क और स्टैंड बना लिया है।
इस पर संयुक्त नगर आयुक्त को वहां से अतिक्रमण हटवाकर चहारदीवारी बनवाने और पौधरोपण कराने का निर्णय लिया गया। बैठक में महापौर उमेश गौतम, नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स, कार्यकारिणी सदस्य अलीम खां, आरेंद्र अरोरा, गरिमा कमांडो, नीरज, मीरा देवी, रामपाल, सागर मौर्य, सलीम अहमद, सौरभ कुमार, सीता पटेल सहित निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।