बरेली। मॉडल टाउन (वार्ड-8) में ठेकेदार ने दो करोड़ रुपये लागत वाले नाले का निर्माण सरिया के बिना ही करा दिया। शिकायत मिलने पर नगर आयुक्त ने अवर अभियंता को भेजकर मामले की जांच कराई गई तो इसकी पुष्टि हुई। इसके बाद दो सौ मीटर नाले को ध्वस्त करवाते हुए नए सिरे से मानक के अनुरूप निर्माण कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।विकास कंस्ट्रक्शन पर दो लाख रुपये जुर्माना भी लगाया गया है।
मॉडल टाउन में गेट नंबर तीन से गुरुद्वारे तक, आर्य मंदिर से पार्क की ओर और गेट नंबर दो मॉडल टाउन चौकी से हरि मंदिर पार्क होते हुए कुष्ठ आश्रम रोड तक एक ओर आरसीसी नाला निर्माण का कार्य विकास कंस्ट्रक्शन फर्म को दिया गया था। अवर अभियंता वीर प्रताप सिंह पटेल ने निरीक्षण किया तो गुणवत्ताहीन कार्यों की कलई खुल गई।
अवर अभियंता की रिपोर्ट के मुताबिक, बिना सरिया के ही नाले का निर्माण करा दिया गया है। अब संबंधित फर्म को नोटिस जारी कर मानक के विपरीत बनाए गए 200 मीटर लंबे नाले को तोड़कर दोबारा निर्माण कराने के आदेश दिए गए हैं। फर्म पर दो लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है।
गोपालनगर में भी की जा रही थी मानकों की अनदेखी
दूसरी ओर, गोपालनगर (वार्ड-48) मुख्य मार्ग पर रामकुमार वर्मा वाली गली, रवि शर्मा के मकान से श्रवण कुमार मिश्रा के घर होते हुए सोमपाल के मकान तक एवं इसकी लिंक गलियों में नाली व सीसी सड़क निर्माण का कार्य एमबी कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर्स को आवंटित किया गया था। स्थलीय निरीक्षण में पाया गया कि संबंधित फर्म की ओर से तय लेवल के विपरीत और टेढ़ी-मेढ़ी नालियों का निर्माण कराया जा रहा है। अब फर्म को नोटिस जारी कर टेढ़ी-मेढ़ी नालियों को ध्वस्त करवाकर स्वीकृत मानचित्र व मानक के अनुसार दोबारा निर्माण कराने के निर्देश दिए गए हैं। फर्म पर 50,000 रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि यदि कोई भी कार्य तय मानकों, लेवल या स्वीकृत मानचित्र के विपरीत पाया गया तो संबंधित फर्म के खिलाफ न केवल आर्थिक दंड लगाया जाएगा, बल्कि उसे ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
वर्जन
नाला निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा था। इस पर उसे ध्वस्त करा दिया गया। दोनों फर्मों पर क्रमवार दो लाख व 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। आगे भी इसी तरह जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। - संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त