बरेली में नगर निगम ने शहर की सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए शनिवार को अभियान चलाया। नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने मिनी बाइपास और किला क्षेत्र में अतिक्रमण पर बुलडोजर से कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने सड़क पर रखे सामान जब्त किए और मौके पर ही अतिक्रमण करने वालों से 70,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
अवैध कब्जेदारों में मचा हड़कंप
नगर निगम की औचक कार्रवाई से अवैध कब्जेदारों में हड़कंप मच गया। टीम सबसे पहले मिनी बाइपास रोड पर पहुंची, जहां सड़क किनारे अवैध रूप से डाली गई पांच ट्रॉली रेता और बजरी को जब्त कर लिया गया। इसके बाद टीम ने किला क्षेत्र के नीचे अभियान चलाया, जहां फुटपाथ पर दुकान सजाए बैठे लोगों का सामान जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान कई जगह कब्जेदारों ने टीम के साथ नोकझोंक कर काम रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रवर्तन दल ने सख्ती दिखाते हुए उन्हें मौके से हटा दिया।
अतिक्रमण पर जारी रहेगी कार्रवाई
दरअसल, शहर के मुख्य मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था बिगड़ती है, जिससे आम जनता को दिनभर जाम का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को देखते हुए नगर आयुक्त ने संजीव मौर्य ने कार्रवाई के निर्देश दिए थे। राजस्व निरीक्षक सच्चिदानंद ने कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहेगा। नगर निगम ने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की है कि वे सड़कों और रास्तों पर अपना सामान न रखें, नहीं तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।