सीबीगंज। वेस्टर्न कॉलोनी निवासी शाहजहांपुर डायट की लिपिक स्वाति पांडे के साथ साइबर ठगों ने एक लाख रुपये से ज्यादा की ठगी कर ली। पीड़िता ने सीबीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
स्वाति पांडेय ने बताया कि उनकी बेटी राधिका इंस्टाग्राम चला रही थी। तभी उसने एक अनजान लिंक खोल दिया। अगले दिन उसी नंबर पर एक युवक की कॉल आई। उसने खुद का नाम रेहान बताया। कहा कि उनका कुछ सामान यूके और कनाडा से आया है। आप दस हजार रुपये कस्टम ड्यूटी का भुगतान कर दो।
स्वाति और राधिका ने उसे बताया कि उन्होंने विदेश से कोई सामान नहीं मंगाया है। इस पर रेहान ने कस्टम विभाग में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही। इससे डरकर स्वाति ने 10 हजार रुपये भुगतान कर दिए। रेहान ने उन्हें कार्रवाई की धमकी देकर 14 बार में 1,02,961 रुपये बताए गए खातों में ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद भी रेहान धमकी देता रहा। धोखाधड़ी का अहसास होने पर स्वाति पांडे ने एसएसपी से शिकायत की। रिपोर्ट दर्ज कर सीबीगंज पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद