कन्या भ्रूण हत्या और अल्ट्रासाउंड सेंटराें से जुड़ी पीसीएनडीटी एडवाइजरी कमेटी की बैठक में मासिक रिपोर्ट न भेजने वाले 24 सेंटरों पर कार्रवाई के लिए कहा गया है। ये सेंटर कई माह से रिपोर्ट नहीं भेज रहे हैं। वहीं अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर जांच के लिए डीएम की ओर से नामित अधिकारियों के नाम भी बैठक में बताए गए। ये निरीक्षण की संख्या बढ़ाएंगे।
महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. अलका शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में तीन नये अल्ट्रासाउंड सेंटरों के अनुमोदन किये गये और दो सेंटरों का नवीनीकरण हुआ। मौजूदा समय में 150 अल्ट्रासाउंड सेंटर जिले में संचालित है जिसमें 24 सेंटरों से मासिक रिपोर्ट नही आ रही है। इस पर निर्णय हुआ कि मासिक रिपोर्ट नही भेजने वाले सेंटरों को नोटिस जारी किया जाये। साथ ही जनपद के 6 अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर पीसीपीएनडीटी एक्ट के उल्लंघन करने के आरोप में अदालताें में विचाराधीन मालों की पैरवी करने पर बल दिया गया है। बैठक में समिति के सदस्य डॉ. यूवी सिंह, डॉ. वीपी सिंह, राजेश्वरी गंगवार एडवोकेट, उप निदेशक सूचना एसके दूबे शामिल रहे।
इन्हें सौंपी है जांच जिम्मेदारी
सदर तहसील क्षेत्र में एसीएमओ डॉ. एसएस चौहान, बहेड़ी में डॉ. केसी जोशी, आंवला में डॉ. राजेंद्र कुमार, नवाबगंज में डॉ. अश्विनी गुप्ता, फरीदपुर में डॉ. राशिद फैसल खान, मीरगंज में डॉ. अमित कुमार के साथ डॉ. आरएन गिरि एवं डा0 आलोक चंद्रा पूरे जनपद में आकस्मिक रूप से चेकिंग करेंगे। निरीक्षण कर्ता डाक्टर अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी एवं पीसीपीएनडीटी सेल को उपलब्ध करायेंगे।