इस बार धनतेरस के दिन बरेली रोडवेज पर भी धन वर्षा हुई। मंगलवार को एक ही दिन में रोडवेज ने एक करोड़ दो लाख रुपये की कमाई की, जबकि आम दिनों में यह 60-65 लाख के बीच रहती है। धनतेरस पर सबसे अधिक कमाई देने वाला दिल्ली रूट रहा। इस रूट पर दो सौ बसें दौड़ीं। वहीं, दिवाली से एक दिन पहले बुधवार को सवारियों की संख्या काफी बढ़ गई।
धनतेरस पर तो बसों में भीड़भाड़ कम रही मगर दिवाली की छुट्टी होने के बाद बसों में एकाएक भीड़ बढ़ गई। दिल्ली रूट पर अधिक सवारियों को देखते हुए पहले बरेली और रुहेलखंड डिपो से 180 बसें लगाई गई थीं। बाद में 20 बसें और बढ़ा दी गईं। स्टेशन अधीक्षक सुनील कंचन का कहना है कि देर शाम तक बढ़ती सवारियों को देखते हुए बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। अन्य लोकल रूट पर बसों के फेरे बढ़ाकर बसों की जरूरत पूरी की जा रही है।