बरेली। कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइंस में स्थित एक एटीएम पर रुपये निकालने गई स्कूल कोआर्डिनेटर का डेबिट कार्ड ठग गिरोह ने बदलकर उनके खाते से रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
एमसीआई प्लाजा के पीछे रहने वाली मोनिका एक स्कूल की कोआर्डिनेटर हैं। उन्होंने कोतवाल अमित पांडेय को बताया कि वह 28 अगस्त को भाई व बेटे के साथ पटेल चौक के पास स्थित एटीएम बूथ पर गई थीं। रुपये निकालने में कुछ दिक्कत हो रही थी। इसी बीच चार-पांच लड़के आए और मोनिका से उनका डेबिट कार्ड लेकर दूसरा फर्जी डेबिट कार्ड थमा दिया।
इसके बाद लड़कों ने डेबिट कार्ड के जरिये उनके खाते से करीब पचास हजार की रकम निकाल ली। मोनिका ने रिपोर्ट दर्ज कराने को कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस डेबिट कार्ड बदलने वाले गिरोह की तलाश कर रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली है, जांच में पता लगा है कि रकम दिल्ली के एटीएम से निकाली गई है। ब्यूरो