समीक्षा बैठक करते प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर, साथ में वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार
- फोटो : अमर उजाला
खस्ताहाल सड़क का मुद्दा उठा
मीरगंज से गुलड़िया गौरीशंकर मार्ग की खस्ताहाली का मुद्दा उठाया तो अधिशासी अभियंता ने कहा कि सड़क को सात मीटर चौड़ा करने के लिए विभागीय मुख्यालय को 85 करोड़ रुपये का एस्टीमेट भेजा था, पर मंजूर नहीं हुआ। अब साढ़े पांच मीटर चौड़ी सड़क के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजेंगे। नवाबगंज विधायक ने बरखेड़ा-मीरगंज मार्ग में भाखड़ा नदी पर लघु सेतु और फतहेगंज-देवना मार्ग पर दिंजोड़ा नदी पर लघु सेतु की जरूरत बताई।
सेतु निगम के उप परियोजना प्रबंधक अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि दोनों लघु सेतु 2024-25 की कार्ययोजना में शामिल हैं। पीडब्ल्यूडी की अधूरी सड़कों और गड्ढों को लेकर सवाल हुए तो अभियंताओं ने बारिश का बहाना बनाया। इस पर प्रभारी मंत्री बोले- बारिश तो पहले से पता थी, फिर अप्रैल-मई में काम पूरा क्यों नहीं कराया?
मरम्मत के बाद सड़क उखड़ी
विधायक डॉ. एमपी आर्या ने कहा कि नवाबगंज-बरखेड़ा मार्ग की विशेष मरम्मत हुई, पर तीन महीने में सड़क उखड़ गई। प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह बात खराब है। सड़क जल्दी ठीक कराएं। बैठक में महापौर उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, एमएलसी बहोरनलाल मौर्य मौजूद रहे। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य और अन्य विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
बानखाना, किला और चौपुला में पुलिस चौकी बनाई जाए
कैंट विधायक ने चौपुला और वन राज्यमंत्री ने किला तथा बानखाना क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापित कराने पर जोर दिया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि इसका परीक्षण कराएं। एसएसपी ने कहा कि नगर निगम जगह दे दे तो इसका प्रस्ताव मुख्यालय को भेज दिया जाएगा।
ये सवाल भी गूंजे
- कन्नपुर, मोहम्मदगंज में नदी के कटान को रोकने का सवाल उठा तो बाढ़ खंड के अभियंता ने तटबंध बनवाने की बात कही।
- जल निगम की ओर से खोदी गई सड़कों का मामला उठा तो अधिशासी अभियंता ने बारिश के बाद ठीक कराने की बात कही।
- परसाखेड़ा की आवास विकास योजना पर सवाल हुए तो अधिशासी अभियंता ने कहा- दीपावली तक किसानों को भूखंड मिल जाएंगे।
- कम ऋण बांटने के मामले पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि इसमें कंजूसी न की जाए।
- विधायक डॉ. एमपी आर्या ने सेंथल पॉलिटेक्निक के अधूरे भवन का मुद्दा उठाया तो डीएम ने शासन से बजट मांगे जाने की जानकारी दी।
- अजीमनगर में पुल की सुरक्षा दीवार गिरने का मुद्दा आया तो पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं को मौके का निरीक्षण करने के आदेश दिए गए।
- जनप्रतिनिधियों ने शीशगढ़ और शेरगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना में अपात्रों को लाभ देने के मामले में कहा कि छह महीने से जांच व कार्रवाई अटकी है। इस पर डूडा की कार्यवाहक पीओ ने कहा कि वह जल्दी ही जांच कराएंगी।
प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि अच्छी विद्युत व्यवस्था व बेहतर सड़कों से सरकार की छवि बनती है। अधिकारी इन पर विशेष ध्यान दें। अटके प्रोजेक्ट को पूरा कराएं। आयुष्मान कार्ड के जरिये कराए गए इलाज में भुगतान के मामले में जनपद को प्रदेश में प्रथम रैंक मिलना सराहनीय है।