मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा का भतीजा एम फार्मा छात्र अंकित वर्मा सेटेलाइट बस अड्डे पर सकुशल मिला। वह बृहस्पतिवार शाम सात बजे मंदिर जाने की बात कहकर भोजीपुरा स्थित मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से निकला था। देर रात तक नहीं लौटा तो कॉलेज प्रशासन और परिजनों की सूचना के बाद पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर तलाश में जुट गई। शनिवार सुबह अंकित सेटेलाइट बस स्टैंड के पास मिला।
परिवार के लोग स्टेशन, बस स्टैंड आदि स्थानों पर उसकी तलाश कर रहे थे। इन्हीं में से किसी ने उसे देख लिया। विधायक ने बताया कि अंकित को उसके माता-पिता के पास गांव भेज दिया है। उसने बताया कि वह हरिद्वार चला गया था।
उसके पास एक थैली मिली है जो गंगा किनारे बिछाई जाती है। हो सकता है कि वह हरिद्वार गया हो, लेकिन वहां जाने की वजह अभी स्पष्ट नहीं बता रहा है।
भोजीपुरा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि चूंकि अंकित अपना मोबाइल फोन कमरे में ही छोड़ गया था, इसलिए यह माना जा रहा था कि वह खुद ही गया था। उसके लौटने की सूचना मिली है। जल्द ही उसके बयान दर्ज किए जाएंगे।