बदायूं में लूट के दौरान चलती बाइक से गिरी महिला की मौत
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं के अलापुर थाना क्षेत्र में संजरपुर के पास मंगलवार शाम करीब छह बजे कार सवार लुटेरे तो बैग लेकर भाग निकले, मगर झपट्टा मारने से बाइक का संतुलन बिगड़ा तो उस पर सवार महिला की सड़क पर गिरने से मौत हो गई। महिला परिवार के साथ रिश्तेदारी में जा रही थी।
थाना हजरतपुर क्षेत्र के गांव शेरपुर निवासी नेकराम अपने बेटे अरुण और पत्नी ओमवती के साथ बाइक से सिविल लाइंस इलाके के रसूलपुर जा रहे थे। वहां उन्हें अपनी फुफेरी बहन मोरश्री के यहां भात पहनना था। बुधवार को विवाह कार्यक्रम होना था।
नेकराम जब संजरपुर के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार काले रंग की कार सवार बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। बदमाशों ने चलती बाइक से ही ओमवती के हाथ से बैग छीन लिया।
अचानक हुए इस हमले से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और ओमवती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं बाइक कार से टकराकर गिरने से नेकराम और बेटा भी घायल हो गए। देखते ही देखते लुटेरे मौके से भाग निकले।
बाइक सवार परिवार को सड़क पर गिरा देख मौके जुटे लोगों ने उन्हें अपनी कार से जिला अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। जिला अस्पताल में इलाज शुरू होने के कुछ ही देर बाद ओमवती ने दम तोड़ दिया। ओमवती की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और शादी के घर मातम का माहौल हो गया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब पांच घंटे बाद मौके पर पहुंची। लोगों में नाराजगी देखने को मिली। वहीं पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। पुलिस ने घायल नेकराम को साथ लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। बदमाशों की तलाश में टीमों को लगाया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मामला प्रथम दृष्टया सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है। हालांकि लूट की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है। आसपास के सीसी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। -अंकिता शर्मा, एसएसपी