शाही। दीपावली मेला देखने आए खुराफातियों ने धक्का-मुक्की कर कुछ लोगों से मारपीट कर दी। इसमें तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को पांच नामजद सहित आठ लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार शाही थाना क्षेत्र के गांव बसावनपुर ब्रह्मदेव स्थल पर दीपावली मेला चल रहा है। मेले में दो मंचों पर अलग-अलग रंगमंच के सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाते हैं। भाई दूज के दिन मेले में बेतहाशा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पहली बार पीएसी की तैनाती की गई। बावजूद बृहस्पतिवार रात मेले में खुराफातियों ने जमकर उत्पात मचाया।
आंवला थाना क्षेत्र के चंपतपुर गांव के रहने वाले मेवाराम ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात वह अपनी पत्नी कामिनी और नरेली रसूलपुर गांव के रहने वाले साढ़ू तेजपाल, अन्य परिजनों के साथ बसावनपुर में मेला देखने गए थे। रात में समूह में चल रहे युवकों ने धक्का-मुक्की कर दी। इससे उनकी बेटी गिर गई। इस पर मेवाराम ने मेले में ही घूम रहे लालपुर गांव के राजेश, अरविंद, विकास, विशाल, सुरेंद्र और दो-तीन अज्ञात लोगों से आपत्ति जताई। इसी आपत्ति पर आरोपियों ने हाथ में पहने कड़े से भीड़ में मारपीट कर दी। इसमें मेवाराम, उनकी पत्नी कामिनी, साढ़ू तेजपाल व एक अन्य परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए। खून से लथपथ हो गए।
आरोपियों में नहीं दिखा पुलिस का भय
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों के चंगुल से घायलों को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी दरोगा को भी उल्टी सीधी बातें कहने लगे। मेवाराम ने थाने पर शिकायती पत्र सौंपा। थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार बिश्नोई ने बताया कि पांच नामजद सहित तीन अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। तीन घायलों का मेडिकल कराया गया है।
मेले में हुड़दंग मचाने वाले 12 आरोपियों का किया चालान
शाही। भाई दूज के दिन बृहस्पतिवार की रात गांवों और मेले में हुड़दंग मचाने के मामले में पुलिस ने 12 आरोपियों का शांतिभंग में चालान किया है।
थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार बिश्नोई ने बताया कि बुझिया जागीर के जगदीश, ऋषिपाल, भूपेंद्र, राकेश, पंथरिया गांव के काशीराम, अरविंद, कस्बा के ठाकुरद्वारा मोहल्ला के भूदेव शर्मा, रसूलिया के सुभाष, सुकली के काले खान, मीरगंज थाना क्षेत्र के बलखेड़ा के रहने वाले खेमपाल और बसावनपुर मेले में दबंगई दिखाकर अराजकता फैलाने वाले लालपुर गांव के राजेश, अरविंद सहित 12 लोगों का शांति भंग में शुक्रवार को चालान किया गया है। संवाद