बरेली। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के प्रांतीय खंड की ओर से मिर्जापुर-शीशगढ़ मार्ग का चौड़ीकरण कराया जाएगा। 12 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर 27 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस संबंध में प्रस्ताव तैयार हो गया है। जल्द इसे मंजूरी के लिए शासन को भेजा जाएगा।
यह मार्ग आसपास के ग्रामीण इलाकों को मुख्य बाजारों व कस्बों से जोड़ता है। चौड़ीकरण होने के बाद इन क्षेत्रों के लोगों को आवाजाही में आसानी होगी। समय भी कम लगेगा। किसानों व व्यापारियों को अपनी फसल व सामान को बाजार तक ले जाने में सहूलियत मिलेगी। बजट मंजूर होते ही काम शुरू करने का दावा किया जा रहा है।
कच्चे रास्ते पर बनाया जाएगा बाईपास
12 किलोमीटर लंबे मार्ग पर चकदहा में बाइपास बनाया जाएगा। वजह है कि यह मार्ग 5.50 मीटर चौड़ा किया जाना है। वर्तमान में चकदहा बाजार में सड़क की चौड़ाई 3.75 मीटर है। चौड़ीकरण में लोगों के घर भी जद में आएंगे। इस वजह से बाजार के पीछे से कच्चे मार्ग को 5.50 मीटर चौड़ा करते हुए बाइपास बनाया जाएगा।
वर्जन:
मिर्जापुर-शीशगढ़ मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है। जल्द इसे शासन को भेजा जाएगा। मंजूरी मिलते ही काम शुरू करा दिया जाएगा। -भगत सिंह, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड