बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह रुहेलखंड विवि के पास से गुजर रहे डाक कावड़ियों के जत्थे में एक साइकिल छू गई। इससे मामूली कहासुनी हुई। पुलिस ने दोनों को समझाकर वहीं मामला शांत करा दिया। इधर, कुछ लोगों ने दूसरे समुदाय के युवक को पीटने की झूठी अफवाह फैला दी। पुलिस ने इसका खंडन किया है।
बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि सोमवार सुबह कांवड़ियों का जत्था पीलीभीत बाइपास से गुजर रहा था। इसी दौरान जोगी नवादा निवासी रंजीत साइकिल से जा रहा था। रंजीत की साइकिल कांवड़ से छू गई। हालांकि, इससे कांवड़ खंडित नहीं हुई, लेकिन कुछ कांवड़ियों ने रंजीत से बहस शुरू कर दी। मामला मारपीट तक पहुंच गया।
बताया कि रंजीत अपना पीछा छुड़ाने के लिए पास में स्थित एक वाहन एजेंसी के शोरूम में घुस गया। इसी दौरान जत्थे के पीछे चल रही पुलिस पहुंच गई। हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश मीडिया प्रभारी ने दोनों पक्षों को समझा दिया। एक ही समुदाय के लोगों का मामला था। इसके बाद कांवड़ यात्री आगे के लिए रवाना हो गए। रंजीत भी अपने घर चला गया। कुछ लोगों ने रंजीत का वीडियो वायरल कर अफवाह फैला दी कि दूसरे समुदाय के युवक को पीटा गया है। पुलिस की जांच में हकीकत सामने आ गई। ब्यूरो