मनरेगा में 10 लाख से ज्यादा खर्च करने वाले जिले के 20 गांवों के कामों की जांच में घपले दबाने की कवायद तेज हो गई है। पहली जांच भुता ब्लाक के सिंघाई कला गांव में हुए कामों की हो गई है, जहां 37.042 लाख रुपये से मनरेगा के काम एक साल में कराए गए थे लेकिन यह जांच करने वाले अफसरों ने अपनी रिपोर्ट बस निपटा भर दी है। सीडीओ ने इस गांव में जांच के लिए सिंचाई खंड के एक्सईएन और बीएसए की टीम बनाई थी। दोनों अफसरों की जांच रिपोर्ट में मनरेगा के कामों के खर्च और बजट का कहीं कोई जिक्र नहीं है। सिर्फ खेतों के समतलीकरण, चकरोड निर्माण, खड़ंजा, नाली निर्माण और मिट्टी के कार्यों का ब्यौरा देते हुए कार्य की गुणवत्ता सामान्यत: ठीक और तालाब के जीर्णोद्धार कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक बताकर जांच निपटा दी गई।
इस गांव में भी मनरेगा के काम विवादित ग्राम पंचायत अधिकारी करन सिंह ने कराए थे। वह दमखोदा ब्लाक के गरगईयां गांव में कराए गए मनरेगा कामों में गड़बड़ी पर निलंबित चल रहे हैं। वित्तीय अनियमितताआें पर उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जा चुका है। इसी तरह सिंघाई कला गांव में मनरेगा कार्यों की अगर सही से जांच हो जाए तो घपले उजागर हो सकते हैं लेकिन जिस तरह से जांच निपटाई गई है उससे लगता है कि नए सिरे से इस गांव के कामों की जांच करानी पड़ सकती है। बता दें कि गरगईयां गांव में मनरेगा कार्यों में गड़बड़ी उजागर होने के बाद ग्राम विकास आयुक्त ने 10 हजार से ज्यादा के काम कराने वाली ग्राम पंचायतों में जांच कराने के आदेश दिए थे। इसके बाद दो जून को सीडीओ ने जिले की 20 ग्राम पंचायतों को चिन्हित करके उनमें मनरेगा कार्यों की जांच के लिए दो-दो अधिकारियों की टीमें बना दी थीं।
इंसेट...
इन गांव की जांच होनी है
ब्लाक गांव खर्च
रिछा खमरिया गोपाडांडी 61.04
रिछा अर्शिया बोझ 58.37
भुता सिंघाई कला 37.042
रिछा भूड़ा बहादुरपुर 33.14
क्यारा मानपुर अहियापुर 31.97
भुता गुलाबनगर 31.44
क्यारा पालपुर कमालपुर 29.45
रिछा गरगईया 27.17
रिछा सिंहतरा 26.20
रिछा रहपुरा गनीमत 23.42
नवाबगंज ग्रेम 19.52
नवाबगंज पंडरी समीप बरापुर 18.31
रिछा अभयपुर महमूदपुर 18.22
भुता ढकनी रजपुरी 18.19
रिछा बकैनिया स्वाले 17.72
रिछा चौढ़ेरा 17.68
रिछा पिपरा नानकार 16.01
बहेड़ी गिरधरपुर 15.32
भदपुरा कठौरा 14.58
रामनगर नामदारगंज 14.56