बरेली। बरेली जिला फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित जिला फुटबॉल लीग 2026 के 18वें दिन मैथोडिस्ट एफसी ने एयरफोर्स स्कूल को 5-2 से मात दी।
बुधवार शाम 4:30 बजे शुरू हुए इस मैच में मैथोडिस्ट एफसी ने शानदार शुरुआत की। खेल के 11वें मिनट में जितेंद्र ने अपने हाफ से एक लंबा पास दिया, जिसे उजैर ने रिसीव करते हुए 16 गज की दूरी से जबरदस्त किक लगाकर गोल में तब्दील कर दिया और मैथोडिस्ट एफसी को 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि, एयरफोर्स स्कूल के खिलाड़ियों ने जल्द ही वापसी की। मोनीश, उत्कर्ष और अमित जाना के बेहतरीन तालमेल से मिले पास को चिदानंद ने आसानी से गोल में बदलकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। हाफ टाइम तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं।
हाफ टाइम के बाद मैथोडिस्ट एफसी ने आक्रामक रुख अपनाया। खेल के 40वें मिनट में हरजीत शाही ने 3-4 खिलाड़ियों को चकमा देते हुए गोल कर टीम को 2-1 से आगे कर दिया। इसके बाद 45वें मिनट में जितेंद्र कुमार और फिर 52वें व 58वें मिनट में शान प्रसाद ने लगातार दो गोल दागकर मैथोडिस्ट एफसी को 5-1 की मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। मैच के अंतिम क्षणों में एयरफोर्स स्कूल के महता ध्रुव के पास पर अमित जाना ने गोल कर स्कोर 2-5 किया, लेकिन तब तक जीत मैथोडिस्ट के नाम हो चुकी थी।
मैच के दौरान मुख्य अतिथि नीरज सोनकर, चंद्र कुमार यादव, दलीप जोशी, मंजीत सिंह, प्रभात कुमार, मुश्ताक अहमद और फुटबॉल सचिव मून रॉबिन्सन आदि मौजूद रहे।