बरेली। गर्मी ने बुधवार को तीखे तेवर दिखाए। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पास जा पहुंचा। चिलचिलाती धूप और गर्म हवा के थपेड़ों ने राहगीरों को झुलसाया। मौसम विभाग ने लू का ऑरेंज अलर्ट जारी कर सप्ताहभर तक भीषण गर्मी पड़ने और पारा 43 डिग्री के पार पहुंचने का अनुमान जताया है।
बुधवार सुबह से ही चटक धूप और चल रही गर्म हवा ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर में सड़कें सूनी नजर आईं और बाजारों में भीड़ भी कम रही। दिहाड़ी मजदूरों, रिक्शा चालकों, बाहर काम करने वाले लोग पसीने से तरबतर रहे। गर्म हवा के थपेड़ों से लोग बार-बार पानी और शीतल पेय पदार्थों का सहारा लेते रहे। चौराहों और बाजारों में दोपहर में सन्नाटा पसरा रहा। शाम सात बजे के बाद हल्की राहत मिली। अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 41.6 डिग्री और न्यूनतम 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हवा में नमी 45 फीसदी दर्ज हुई।
मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने और आसमान साफ होने से तापमान में बढ़ोतरी हुई है। फिलहाल तेज धूप और गर्म हवाओं का असर बना रह सकता है।