सातवीं का है छात्र, फतेहगंज पूर्वी में मिली अंतिम लोकेशन
बरेली। बारादरी में आरसी इंक्लेव निवासी मर्चेंट नेवी के मोटरमैन अंचल प्रकाश का बेटा 13 वर्षीय वरदान शर्मा उर्फ वंश शर्मा रविवार देर शाम लापता हो गया। बारादरी पुलिस ने उसके अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
अंचल प्रकाश के मुताबिक वरदान राधा माधव पब्लिक स्कूल में कक्षा सात का छात्र है। रविवार शाम करीब सवा सात बजे वह घर से किसी को बिना कुछ बताए बाहर निकल गया। जब वह काफी देर तक नहीं लौटा तो उन लोगों ने खोजबीन शुरू की लेकिन कुछ पता नहीं चला। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए तो शाम 7.18 बजे वह जाते दिखा है। इसके बाद उन लोगों ने बारादरी पुलिस को सूचना दी तो गुमशुदगी दर्ज कर ली है। अंचल के मुताबिक रात दस बजे उनके बेटे के मोबाइल की लोकेशन फतेहगंज पूर्वी मिली है और उसके बाद फोन बंद हो गया।
फ्री फायर गेम का था शौकीन, अनजान लोगों से होती थी बात
पिता ने बताया कि वरदान फ्री फायर नाम के एक मोबाइल गेम का शौकीन था और अक्सर उसमें ही उलझा रहता था। उसके पास अनजान लोगों के फोन भी आते थे लेकिन घरवालों के पूछने पर वह छिपा जाता था। मोहल्ले के कुछ बच्चे भी उसके साथ यह गेम खेलते थे लेकिन उन्हें भी वरदान के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
अनजान बाइक सवार की तलाश
पिता ने बताया कि वरदान के घर से बाहर निकलने से पहले एक बाइक सवार उनके घर के सामने रुका था। फिर वह अगली गली में भी गया और उसके कुछ देर बाद वरदान घर से चला गया। पुलिस उस बाइक सवार को भी तलाश रही है।
बच्चे के अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश कराई जा रही है। उसके मोबाइल की लोकेशन और कॉल डिटेल भी निकाली जा रही है। - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी