बरेली। जंक्शन के यार्ड में एक माह का मेगा ब्लॉक सोमवार को खत्म हो जाएगा। इसके साथ ही एक माह से निरस्त चल रहीं बरेली-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, बरेली-दिल्ली पैसेंजर और बरेली-इंदौर एक्सप्रेस का संचालन भी मंगलवार से शुरू हो जाएगा।
जंक्शन के यार्ड में पुरानी वाशिंग लाइन नंबर 36 व 37 पर मरम्मत का काम चल रहा था। इस वजह से यार्ड में पांच जुलाई से तीन अगस्त तक का ब्लॉक लिया गया था। इस कारण 14314-13 बरेली-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, 14320-19 बरेली-इंदौर एक्सप्रेस और 54075-76 बरेली-दिल्ली पैसेंजर को तीन अगस्त तक निरस्त किया गया था। इससे यात्रियों को दिक्कत हो रही थी।
बरेली-दिल्ली पैसेंजर का संचालन बंद होने से छोटे स्टेशनों के यात्री परेशान हो रहे थे। बरेली-इंदौर एक्सप्रेस का संचालन प्रत्येक बुधवार और बृहस्पतिवार को जबकि बरेली-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस का संचालन प्रत्येक शनिवार और सोमवार को होता है। मुख्य वाणिज्य निरीक्षक इमरान ने बताया कि ब्लॉक तीन अगस्त को खत्म हो जाएगा।