साध्वी प्राची के चांद-सितारे की राखी वाले बयान पर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि हर बात से जिहाद को जोड़ना बेहद गलत है। साध्वी प्राची जिहाद शब्द की लिस्ट बनाकर पूरे देश में घूम रही है। उनका बयान नफरत फैलाने वाला है।
साध्वी प्राची के चांद-सितारे की राखी वाले बयान पर ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि साध्वी प्राची का बयान नफरत फैलाने वाला है। वह बार-बार जिहाद शब्द का इस्तेमाल करती हैं। ऐसा लगता है जिहाद शब्द से उनको प्यार हो गया है। उनको इस तरह की बातों से बचना चाहिए।
विज्ञापन
मौलाना ने कहा कि चांद-सितारों की इबादत करने के लिए इस्लाम नहीं कहता है। इस्लाम में सिर्फ खुदा की ही पूजा की जाती है बल्कि ये चांद और सूरज पूरी दुनिया को रोशनी देते हैं। इनका काम अंधेरे को उजाले में बदलने का है। इस रोशनी से दुनिया का हर व्यक्ति फायदा उठा रहा है। इसको इस्लाम धर्म में पूज्यनीय दर्जा देने वाले लोग इस्लाम के नजरिए से अवगत नहीं है।
हर बात को जिहाद से जोड़ना गलत- मौलाना
शहाबुद्दीन रजवी ने साध्वी प्राची को नसीहत देते हुए कहा कि हर बात में जिहाद को जोड़ना बेहद गलत है। उन्होंने कहा कि राखी का त्योहार बहनों का त्यौहार है। वह अपनी मर्जी से जो चाहे जैसी चाहे राखी अपने भाई को बांधे इसमें बेवजह का बवाल खड़ा करना बेहद गलत है।
मौलाना ने साध्वी प्राची के 'जिहाद' वाले बयान पर कहा कि जिहाद अरबी का शब्द है, जिसका मतलब है बुराइयों के खिलाफ लड़ना। बुराई के उठते कदम को रोक कर अच्छाई की तरफ ले जाना। मगर साध्वी प्राची जिहाद शब्द की लिस्ट बनाकर पूरे देश में फिर रही है। इस शब्द को बार-बार दोहरा कर बहुसंख्यक के बीच अल्पसंख्यकों की छवि को धूमिल करने का काम कर रही है।