किला, कटघर, पीलीभीत रोड, स्वालेनगर व सौदागरान इलाके में संपत्तियां चिह्नित, आज चल सकता है बुलडोजर
बरेली। मौलाना तौकीर और उसके करीबियों ने इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) की आड़ में अवैध संपत्तियों का साम्राज्य खड़ा कर रखा है। अब इन संपत्तियों पर प्रशासन की निगाह है। मौलाना के कुछ करीबियों की संपत्तियों पर सोमवार को बीडीए और नगर निगम का बुलडोजर चल सकता है। इस बीच मौलाना की ऐसी संपत्तियां चिह्नित की जा रही हैं, जिनका निर्माण स्वीकृत मानचित्र के विपरीत हुआ है।
आईएमसी से जुड़ने के बाद मौलाना के करीबी नफीस खां, नदीम आदि ने मार्केट बनाए और दूसरी संपत्तियां भी एकत्र कीं।
बिहारीपुर में खलील स्कूल तिराहे के पास नदीम खां की दुकान और मकान को चिह्नित किया गया है। किला क्षेत्र में नफीस खां ने वक्फ की आड़ में संपत्तियां बनाई हैं। इसके अलावा मौलाना के करीबियों द्वारा विकसित फाइक एन्क्लेव कॉलोनी में अवैध तरीके से मकान व बरातघर बनाए गए। बीडीए की टीम इनका ध्वस्तीकरण कर सकती है। किला, कटघर, बिहारीपुर, फाइक एन्क्लेव, सौदागरान, पीलीभीत रोड और स्वालेनगर के आसपास चिह्नित संपत्तियों पर अब कार्रवाई होनी है। ब्यूरो