बरेली। आईएमसी के प्रदर्शन के दौरान पुराना शहर के मुस्लिम बहुल इलाके के प्रमुख बाजार सैलानी पर सुबह से शाम तक सन्नाटा पसरा रहा। प्रदर्शन में लोगों की भीड़ बढ़ी तो कुतुबखाना बाजार में भी ज्यादातर दुकानों के शटर गिर गए। सिकलापुर, रोडवेज और नावल्टी मार्केट भी बंद हो गया। श्यामगंज इलाके में भी सन्नाटे का माहौल दिखा। हालांकि रविवार को इस बाजार में साप्ताहिक बंदी भी रहती है।
सुबह नौ बजे तक गुलजार हो जाने वाले सैलानी बाजार में रविवार सुबह दुकानें नहीं खुली। करीब 10 बजे एएसपी साद मियां खां बारादरी पुलिस के साथ सैलानी पहुंचे जहां कुछ दुकानदारों से बाजार बंद रखने के बारे में पूछताछ की। दुकानदारों ने बताया कि उन्होंने अपनी मर्जी से दुकानें बंद की हैं। उन पर किसी का कोई दबाव नहीं है। पुलिस ने दुकानदारों को बताया कि मौलाना तौकीर की ओर से दुकानें बंद करने का कोई आह्वान नहीं किया है लेकिन इसके बावजूद दुकानदारों ने दुकानें नहीं खोलीं।
दोपहर तीन बजे आईएमसी ग्राउंड में प्रदर्शन में भीड़ बढ़ने पर कुतुबखाना और टाउन हाल इलाके में भी तमाम दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए। इस्लामिया ग्राउंड जाने के लिए लोग भीड़ की शक्ल में गुजरे तो बरेली कॉलेज के सामने सिकलापुर रोड पर भी दुकानें बंद हो गईं। इसके बाद रोडवेज मार्केट और फिर नावल्टी पर भी दुकानें बंद हो गईं। प्रदर्शन खत्म होने के बाद शाम पांच बजे के बाद फिर दुकानें खुलीं। सैलानी बाजार भी शाम छह बजे खुल गया। हालांकि कहीं भी दहशत जैसा कोई माहौल नहीं दिखा।
इतवार बाजार भी नहीं लगा
हर रविवार को शाहजहांपुर रोड पर मधुबन टॉकीज के पास लगने वाला इतवार बाजार भी इस रविवार को नहीं लगा। कई लोगों का कहना था कि इस्लामिया में प्रदर्शन की वजह से बाजार में दुकान लगाने वाले नहीं पहुंचे।