पीलीभीत। शहर के छतरी चौराहा स्थित एक होटल में शुक्रवार देर रात एक महिला का शव कमरे में बंद मिला। उसके साथ आया युवक कमरा बंद कर भाग गया। होटल प्रबंधन ने शव देख सूचना पुलिस को दी। महिला के मुंह से झाग निकल रहे थे, जबकि गर्दन पर भी चोट के निशान थे। युवक की दी गई वोटर आईडी भी फर्जी निकलार। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। होटल मालिक की तहरीर पर युवक के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
घटना थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के कस्बा चौकी से 50 कदम की दूरी की है। जहां शुक्रवार दोपहर तीन बजे एक युवक करीब 32 वर्षीय महिला को होटल में लेकर पहुंचा था। जहां उसने काउंटर पर कमरा बुक करने के लिए कहा। इस पर होटल के मैनेजर ने उससे आईडी प्रूफ मांगा। तो उसने अपनी वोटर आईडी विकास नाम से दी। महिला की आईडी मांगने पर अभी थोड़ी देर में देने की बात कही। इस पर होटल मैनेजर ने युवक की आईडी जमा करने के बाद उसे होटल में कमरा नंबर-117 में ठहरा दिया। शाम पांच बजे के आसपास युवक होटल से बिना काउंटर पर बोलकर निकल गया। काफी देर तक जब वह वापस नहीं आया। तो होटल मैनेजर ने कमरे की तरफ जाकर देखा। तो उसमें गेट पर ताला लगा हुआ था। इस पर उसने खिड़की से जब झांक कर देखा। तो उसके साथ आई महिला का शव संदिग्ध अवस्था में बेड पर पड़ा था। होटल से सूचना मिलने के बाद एएसपी डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी, सीओ सिटी वीरेंद्र विक्रम, इंस्पेक्टर सुनगढ़ी श्रीकांत द्विवेदी और कोतवाल अतर सिंह मौके पर पहुंच गए। होटल पर जब युवक की आईडी चेक की गई, तो वह फर्जी निकली। होटल में महिला की कोई भी आईडी मौजूद नहीं मिली। इसके अलावा होटल के सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। इस पर पुलिस ने फॉरेसिंक टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया। जिसके बाद कमरे का ताला तोड़कर महिला के शव को बाहर निकाला गया। कमरे में पुलिस टीम को सिगरेट की राख और एक थैले में महिला के कुछ कपड़े मिले। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद उसे जिला अस्पताल में बनी मोर्चरी में रखवा दिया गया। शनिवार को महिला का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। कुमार होटल संचालक दीपक कुमार की तहरीर पर आईडी प्रूफ के आधार पर बरेली जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र के गुरसौली निवासी विकास बाबू पुत्र मदनलाल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस महिला की शिनाख्त के लिए आसपास के क्षेत्र में प्रयास कर रही है। फिलहाल अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है।
महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चल सकेगा। महिला की शिनाख्त और उसके साथ युवक की तलाश के लिए टीमें लगी हुई है। आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे भी चेक कराए जा रहे है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। - डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी, एएसपी