गांव अदीनापुर में बृहस्पतिवार को कुएं में गिरने से छात्र की मौत के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को स्कूल के प्रबंधक चिरौंजीलाल को गिरफ्तार कर लिया। उसको कोर्ट में पेश किया गया है।
गांव अंगदपुर निवासी टिंकू बाबू का बेटा लविश अदीनापुर स्थित आत्मानंद विद्या मंदिर में कक्षा दो का छात्र था। वह बृहस्पतिवार को बड़े भाई के साथ स्कूल गया था। इंटरवल के दौरान वह विद्यालय परिसर के बाहर चला गया। परिसर के पास बने कुएं पर सुरक्षा घेरा न होने के कारण लविश उसमें गिर गया।
लविश की मौत से नाराज परिजनों ने स्कूल प्रबंधन के तीन सदस्यों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों ने लविश का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। प्रबंधक की गिरफ्तारी की मांग की। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि प्रबंधक चिरौंजीलाल को अदीनापुर से गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया गया। वहां से आरोपी प्रबंधक को जमानत दे दी गई है।
सुरक्षा इंतजाम न होने पर ग्रामीणों में रोष
ग्रामीणों के मुताबिक, विद्यालय के पास में सार्वजनिक स्थल पर मंदिर और कुआं है। वहां श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने के लिए जाते हैं। हादसे के बाद कुएं पर तख्त रखकर ढक दिया गया है। लेकिन, यह अस्थायी व्यवस्था है। ग्रामीणों ने स्थायी सुरक्षा इंतजाम करने की मांग उठाई है।