बरेली। भमोरा थाना क्षेत्र के सिकोड़ा गांव के खेतों में शनिवार को मिले अज्ञात व्यक्ति के क्षत-विक्षत शव की पहचान रविवार को भी नहीं हो सकी। पोस्टमॉर्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई लेकिन गले में अंगोछा कसा होने व ट्रैकिया (गले की हड्डी) क्षतिग्रस्त पाई जाने पर हत्या की आशंका जताई गई है।
शव का विसरा, डीएनए व गले की हड्डी को लैब में जांच के लिए सुरक्षित किया गया है। ग्राम प्रधान भुवनेश यादव ने शनिवार को पुलिस को शव मिलने की सूचना दी थी। वहां गई पुलिस को शव झुलसा प्रतीत हुआ, जैसे तेजाब से जलाया गया है। सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का अध्ययन करेंगे। मृतक की पहचान सबसे जरूरी है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो