पीलीभीत-टनकपुर हाईवे पर बुधवार को हुए सड़क हादसे में बरेली निवासी युवक की मौत हो गई। उसका रिश्तेदार घायल हो गया। दोनों खटीमा से लौट रहे थे। इनकी बाइक छुट्टी गाय से टकरा गई थी। टक्कर से गाय भी मर गई।
पीलीभीत-टनकपुर हाईवे पर न्यूरिया थाना क्षेत्र में गांव सैदपुर के पास गोवंश से टकराकर बरेली के माली का पुलिया निवासी संजय सैनी (28) की मौत हो गई। उनका रिश्तेदार अभिषेक घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची न्यूरिया पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। घायल का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। दोनों ने हेलमेट नहीं लगाया था।
विज्ञापन
बरेली के माली का पुलिया निवासी बाइक सवार संजय सैनी पुत्र नन्हें सैनी और उनकी पत्नी का भाई अभिषेक खटीमा से पीलीभीत की तरफ जा रहे थे। बताया जा रहा है कि टनकपुर हाईवे पर गांव सैदपुर के पास अचानक छुट्टा गाय सड़क पर आ गई। बाइक सवार उससे टकरा गए। हादसे में घायल संजय की कुछ देर बाद मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर न्यूरिया थाना पुलिस भी पहुंच गई।
एंबुलेंस की मदद से घायल अभिषेक को जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं परिजनों को सूचना देने के साथ ही पुलिस ने संजय का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी सुभाष कुमार मावी ने बताया कि हादसे की सूचना परिजनों को दी गई है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार खटीमा से काम निपटाकर बरेली लौट रहे थे। दोनों में कोई हेलमेट नहीं लगाए था। टक्कर के बाद गाय की भी कुछ देर बाद मौत हो गई।