मृतक के भाई नीतीश प्रसाद ने पुलिस को बताया कि गुरुवार रात 9 बजे रजनीश अपने दोस्त शेखर, शकील और हैप्पी के साथ कार से पार्टी करने गया था। रात 11 बजे दोस्तों ने रजनीश को घर छोड़ा तो उसकी तबीयत बिगड़ गई। वह लगातार उल्टियां कर रहा था। परिवार को लगा कि शायद रजनीश ने ज्यादा शराब पी ली है इसलिए उन्होंने आराम करने दिया। थोड़ी देर बाद वह बाथरूम में गिर पड़ा। परिजन उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कैंट थाना पुलिस पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तीनों दोस्तों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
परिजनों का कहना है कि रजनीश और शेखर एक ही कंपनी में मैनेजर पद पर काम करते थे, इनमें भी रजनीश वरिष्ठ पद पर था। परिवार ने आशंका जताई कि कंपनी से जुडी प्रतिस्पर्धा में पार्टी के दौरान दोस्तों ने उसे कुछ गलत खिला दिया, जिससे रजनीश का शरीर नीला पड़ गया था। पिता मंटू प्रसाद ने कहा कि रजनीश तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह का पता लगेगा, फिलहाल जांच जारी है।