जुबली पार्क की जमीन की पैमाइश के लिए एसडीएम सदर ने राजस्व निरीक्षण और लेखपालों की चार सदस्यीय टीम गठित कर उससे रिकार्ड के अनुसार पार्क का रकबा और अवैध निर्माण को चिह्नित करने की रिपोर्ट मांगी है। टीम में राजस्व निरीक्षक राधेश्याम व भूदेव और लेखपाल नेत्रपाल व प्रेमपाल को शामिल किया गया है। यह टीम इसी हफ्ते मौके पर पहुंचकर जुबली पार्क के क्षेत्रफल की नापजोख करते हुए यह बताएगी कि अब वहां क्या बना है। इसमें कितना अवैध अतिक्रमण है।
बचपन में जुबली पार्क में टहलते थे हम: रिटायर्ड कर्मी
सिंचाई विभाग के एक 70 वर्षीय रिटायरकर्मी के तहसील पहुंचने पर वहां एसडीएम ईशान प्रताप सिंह ने उनसे जुुबली पार्क के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि वह कभी जुबली पार्क में टहलने जाया करते थे, लेकिन समय के साथ इस जगह का पूरा हुलिया ही बदलता चला गया।
जुबली पार्क की जमीन पर कई सरकारी भवन बने हैं। हालांकि पार्क की जमीन पर ये निर्माण क्यों हुए हैं, इस पर कहना अभी मुमकिन नहीं है। वहां कितना अवैध कब्जा है, इसकी पैमाइश के लिए टीम गठित कर दी है। -ईशान प्रताप सिंह, एसडीएम सदर